इंदौर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र से 'लव जिहाद' (Love Jihad) और क्रूरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक मुस्लिम युवक ने खुद को 'यश चौहान' बताकर एक हिंदू युवती को प्रेम जाल में फंसाया, उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर धर्म परिवर्तन के लिए उस पर जानलेवा दबाव बनाया। हिंदू संगठनों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी यासिन उर्फ यश को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (MP Freedom of Religion Act) के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना की शुरुआत साल 2020 में हुई थी, जब पीड़िता पाटनीपुरा की एक कॉस्मेटिक दुकान पर काम करती थी। आरोपी यासिन, जो सिटी वैन चलाता था, उसने युवती से दोस्ती की और अपनी पहचान छिपाकर अपना नाम 'यश चौहान' बताया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे मूसाखेड़ी स्थित एक कमरे पर ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता गर्भवती हुई, तब आरोपी उसे देवास के कन्नौद ले गया, जहाँ युवती को उसके मुस्लिम होने की असलियत पता चली और उसने शादी से इनकार कर दिया।
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; उसने पीड़िता के बच्चे को जान से मारने की धमकी दी और उसे अपने साथ रखने लगा। अप्रैल 2021 में पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसके बाद यासिन लगातार उस पर Islam धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर पीड़िता अक्टूबर 2023 में रघुनंदन कॉलोनी में अलग रहने लगी, लेकिन 19 जनवरी 2026 को आरोपी ने उसके घर में घुसकर जबरदस्ती की और मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने धर्मांतरण से मना किया, तो यासिन ने उसका सिर दीवार पर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हीरानगर थाना प्रभारी (TI) सुशील पटेल ने बताया कि पीड़िता की बहनों ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद बुधवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह अन्य युवतियों को भी अपनी पहचान छिपाकर निशाना बनाया है। इंदौर पुलिस ने शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।