राय्या: दूसरों के निजी और कानूनी मामलों में 'टांग अड़ाने' की आदत एक स्वयंभू सैटिंग विशेषज्ञ को इस बार काफी महंगी पड़ गई। अपनी ऊंची पहुंच और जुगाड़ का दम भरने वाले इस व्यक्ति की पोल उस समय खुल गई जब उसकी दोहरी भूमिका एक शिकायतकर्ता के सामने उजागर हो गई। शहर के इस चर्चित सैटिंगबाज ने एक गंभीर मामले में दोनों पक्षों को बेवकूफ बनाकर अपना 'गणित' बिठाने की कोशिश की थी, लेकिन अंत में उसे न केवल खाली हाथ लौटना पड़ा, बल्कि मौके पर ही उसकी जमकर धुनाई भी हो गई।
घटना के अनुसार, एक व्यक्ति ने हाल ही में किसी मामले में जायज शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर कार्रवाई होना लगभग तय था। तभी इस सैटिंगबाज ने एंट्री मारी और दूसरी पार्टी को भरोसा दिलाया कि "चिंता मत करो, सब मैनेज हो जाएगा।" इसके चलते कार्रवाई कुछ समय के लिए रुक भी गई। हालांकि, खेल तब बिगड़ गया जब शिकायतकर्ता को पता चला कि यह व्यक्ति दोनों तरफ आश्वासन देकर अपनी जेब भरने की कोशिश कर रहा है। सच्चाई सामने आते ही आक्रोशित शिकायतकर्ता ने सैटिंगबाज को सरेआम पीट डाला, जिसे बाद में स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया।
शहर के सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि संबंधित व्यक्ति अक्सर बड़े IAS और IPS अधिकारियों के साथ अपने सीधे संपर्क का दावा करता है। वह लोगों को मोबाइल में अधिकारियों के नंबर दिखाकर उन पर प्रभाव जमाने की कोशिश करता है ताकि वे उसके झांसे में आ जाएं। हालांकि, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि उच्च अधिकारी ऐसे बिचौलियों को कोई महत्व नहीं देते और वे केवल लोगों को गुमराह करने के लिए अधिकारियों के नाम का सहारा लेते हैं।
इस घटना के बाद शहरवासियों ने एक-दूसरे को सचेत किया है कि ऐसे कथित ‘सेटिंग विशेषज्ञों’ से सावधान रहें। पुलिस और प्रशासन ने भी समय-समय पर आगाह किया है कि अपनी मेहनत की कमाई और भरोसे का फायदा उठाने वाले इन बिचौलियों के बजाय सीधे कानूनी प्रक्रिया का पालन करें। फिलहाल, यह सैटिंगबाज शहर में मजाक का पात्र बना हुआ है और उसकी कथित 'सेटिंग' धरी की धरी रह गई।