धारूहेड़ा / रेवाड़ी: जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव राजपुरा आलमगीरी से रविवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां शनिवार देर रात अज्ञात कारणों के चलते एक दंपति ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल रेवाड़ी भिजवाया।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय अशोक कुमार और उनकी 48 वर्षीय पत्नी नीलम के रूप में हुई है। दोनों पति पत्नी घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में छत पर लगे हुक से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटके मिले। धारूहेड़ा थाना प्रभारी कबूल सिंह ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य घर के नीचे वाले हिस्से में रहते हैं।
बेटे ने ड्यूटी से लौटकर जब जलाई लाइट तो उड़ गए होश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दंपति का बेटा अपनी ड्यूटी से घर लौटा था। इसके बाद वह अपने माता पिता से मिलने ऊपर कमरे में गया। कमरे में अंधेरा होने के कारण उसने जैसे ही लाइट जलाई तो सामने का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए और उसने दोनों को फंदे से लटका पाया। इसके बाद बदहवास परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक मृतक अशोक कुमार मजदूरी का कार्य करते थे और परिवार में उनके दो बेटे और एक बेटी हैं।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल की बारीकी से तलाशी लेने के दौरान पुलिस को वहां से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं दूसरी ओर परिजनों ने भी इस आत्मघाती कदम के पीछे किसी भी स्पष्ट कारण या घरेलू विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।