मुंबई: बॉलीवुड इंडस्ट्री बाहर से जितनी ग्लैमरस और चकाचौंध से भरी दिखाई देती है अंदर की हकीकत उतनी ही कड़वी और चौंकाने वाली होती है। अक्सर यहां एक्ट्रेसेस पर इंडस्ट्री के तय ब्यूटी स्टैंडर्ड्स (Beauty Standards) के हिसाब से ढलने का मानसिक दबाव डाला जाता है। अब बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा दीया मिर्जा ने फिल्म इंडस्ट्री के इस काले सच से पर्दा उठाया है। एक्ट्रेस ने खुलकर बताया कि कैसे शुरुआती करियर में उन्हें अपना लुक बेहतर करने और अपने प्राकृतिक रंग रूप में बदलाव करने के लिए मजबूर किया जाता था।
दीया मिर्जा ने बेहद बेबाकी से साझा किया कि लिप्स इंजेक्ट करवा लो यानी होठों की सर्जरी करा लो और ब्रेस्ट एन्हांस कर लो जैसे भद्दे कमेंट्स हमेशा उन्हें झेलने पड़ते थे। एक्ट्रेस के मुताबिक सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि यह सारे कमेंट्स हमेशा इंडस्ट्री के मर्दों की तरफ से आते थे। इन लगातार मिलने वाली सलाहों की वजह से एक समय पर उन्हें ऐसा महसूस होने लगा था जैसे उनके शरीर में ही कोई बड़ी कमी है।
उम्र के साथ भेदभाव और बाहरी बनावट का दबाव
एक इंटरव्यू में ब्यूटी स्टैंडर्ड्स, बढ़ती उम्र और कॉस्मेटिक सर्जरी (Cosmetic Surgery) के बारे में खुलकर बात करते हुए दीया ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अक्सर महिलाओं को यह अहसास कराया जाता है कि उनके नेचुरल लुक्स ठीक नहीं हैं और उन्हें बदलने की सख्त जरूरत है। एक्ट्रेस का मानना है कि आज की दुनिया केवल बाहरी बनावट को बहुत ज्यादा अहमियत देती है जबकि अपने वास्तविक शरीर और दिमाग को समझने व उसे स्वीकार करने पर बहुत कम ध्यान दिया जाता है।
जब दीया से पूछा गया कि क्या उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में उम्र को लेकर भेदभाव का सामना करना पड़ा है तो उन्होंने बिना हिचकिचाहट के जवाब दिया कि उन्होंने यह सब बिल्कुल झेला है। उन्हें कई बार यह निर्देश दिए गए कि उन्हें खुद को कैसे बदलना चाहिए और लुक्स को परफेक्ट बनाने के लिए क्या क्या करवाना चाहिए।
दो ब्यूटी टाइटल जीतने के बाद भी झेला यह दर्द
दीया ने इस बात को रेखांकित किया कि लुक को बेहतर बनाने की यह अनचाही सलाह हमेशा मर्दों की तरफ से ही आती थी। उन्होंने कहा कि कभी किसी महिला ने उनके साथ बैठकर यह नहीं कहा कि जाओ अपने होंठों की सर्जरी करवाओ क्योंकि तुम्हारे होंठ बहुत पतले हैं या अपने ब्रेस्ट का साइज बढ़ा लो क्योंकि वे बहुत छोटे हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या इन कमेंट्स ने उनके मानसिक स्वास्थ्य पर खराब असर डाला तो दीया ने स्वीकार किया कि हां इन बातों ने उन्हें अंदर तक प्रभावित किया था। उन्होंने बताया कि उनके साथ यह सब तब हुआ जब वह दो प्रतिष्ठित ब्यूटी टाइटल (Beauty Titles) अपने नाम कर चुकी थीं। वह बेहद कम उम्र की टीनेजर थीं और उनकी उम्र 20 साल भी नहीं थी। यह वाकया उनके साथ बार बार दोहराया गया कभी किसी डायरेक्टर ने तो कभी किसी प्रोड्यूसर ने या खुद को एक्सपर्ट समझने वाले शख्स ने उन्हें टोकने की कोशिश की लेकिन किसी महिला ने कभी उनसे ऐसी बात नहीं की।