ऑपरेशन प्रहार में पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई 16 दिन में 3949 अपराधी गिरफ्तार


चंडीगढ़: पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे गैंग्सटरां ते वार अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने 16 दिनों तक चले ऑपरेशन प्रहार 3.0 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस राज्यव्यापी खुफिया आधारित बड़े अभियान के दौरान संगठित अपराध और नशा गैंगस्टर गठजोड़ पर करारी चोट की गई।

पूरे प्रदेश में गैंग्स्टरों, उनके सहयोगियों, नशा तस्करों और वांछित अपराधियों से जुड़े 5,448 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत करना, पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना तथा संगठित अपराध, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई करना था। यह अभियान 16 दिनों तक चरणबद्ध तरीके से चलाया गया जिसमें प्रतिदिन एक पुलिस रेंज या पुलिस आयुक्तालय को लक्ष्य बनाकर कार्रवाई की गई।

10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी हुए तैनात और दर्जनों वाहन जब्त

डीजीपी ने बताया कि इस व्यापक अभियान के दौरान 10,401 पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती की गई थी। पूरी कार्रवाई के तहत कुल 958 प्राथमिकी दर्ज की गईं, 1,520 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई तथा अपराध में इस्तेमाल होने वाले 262 वाहनों को जब्त किया गया। इस महाअभियान का उद्देश्य गैंगस्टर नशा गठजोड़ को पूरी तरह तोड़ना, भगोड़े और वांछित आरोपितों को दबोचना तथा अवैध हथियार, मादक पदार्थ और चोरी का सामान बरामद करना था।

तकरीबन 4 हजार आरोपित अरेस्ट और भारी मात्रा में नशा बरामद

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान कुल 3,949 लोगों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों का वर्गीकरण इस प्रकार है

42 गैंगस्टर और उनके सक्रिय सहयोगी

1,201 नशा तस्कर एवं सप्लायर

119 कोर्ट द्वारा घोषित अपराधी (पीओ)

2,587 विभिन्न मामलों में वांछित आरोपित

पुलिस ने इस दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं जिसमें 12 अवैध हथियार, 10.47 किलोग्राम हेरोइन, 1.50 किलोग्राम अफीम, 30 किलोग्राम गांजा, 259 किलोग्राम पोस्त और 21,746 नशीली गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा 1,243.5 लीटर अवैध शराब और नशा तस्करी से जुड़ी 4.03 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई के तहत रंगदारी मांगने वाले गिरोहों, वाहन चोरों और अवैध नशा मुक्ति केंद्रों का भी भंडाफोड़ किया गया।

गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946 93946 पर दें गुप्त सूचना

डीजीपी गौरव यादव ने साफ कहा कि गैंग्सटरां ते वार एक सतत अभियान है जो पंजाब को पूरी तरह अपराध मुक्त करने तक जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि गैंगस्टरों और संगठित अपराध से जुड़ी कोई भी जानकारी एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946 93946 पर साझा करें। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। डीजीपी ने इस ऑपरेशन में शानदार प्रदर्शन करने वाली खन्ना, बठिंडा, जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर, तरनतारन और मानसा पुलिस इकाइयों की विशेष सराहना की है।


Previous Post Next Post