कोसी नदी में बढ़ा जलस्तर, बराज के 26 फाटक खोलकर छोड़ा गया पानी


वीरपुर: कोसी नदी के जलग्रहण क्षेत्र और तराई इलाकों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण रविवार को कोसी नदी के जलस्त्राव में भारी वृद्धि दर्ज की गई। नदी के तेजी से बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोसी बराज के कुल 56 फाटकों में से 26 फाटकों को खोलकर पानी को डाउनस्ट्रीम की ओर तेजी से छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग ने आने वाले समय में जलस्त्राव में और अधिक वृद्धि होने की संभावना जताई है। रविवार सुबह छह बजे बराहक्षेत्र में नदी का जलस्त्राव 1,30,700 क्यूसेक (बढ़ते क्रम में) तथा कोसी बराज पर 1,77,735 क्यूसेक (घटते क्रम में) दर्ज किया गया था। इसमें से 3,200 क्यूसेक पानी पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में सिंचाई के लिए छोड़ा गया, जबकि शेष 1,74,535 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम की ओर प्रवाहित किया गया।

दिन चढ़ने के साथ ही जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखी गई। सुबह आठ बजे बराहक्षेत्र में जलस्त्राव बढ़कर 1,37,375 क्यूसेक हो गया, जबकि कोसी बराज पर यह 1,76,305 क्यूसेक दर्ज किया गया। इसके बाद सुबह 10 बजे बराहक्षेत्र में जलस्त्राव 1,42,250 क्यूसेक (बढ़ते क्रम में) और बराज पर 1,76,305 क्यूसेक पर स्थिर रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान 3,400 क्यूसेक पानी पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में छोड़ा गया तथा 1,72,905 क्यूसेक पानी सीधे डाउनस्ट्रीम की ओर प्रवाहित किया गया। दोपहर 12 बजे तक बराहक्षेत्र में जलस्त्राव बढ़कर 1,47,125 क्यूसेक तथा कोसी बराज पर 1,81,600 क्यूसेक (दोनों बढ़ते क्रम में) दर्ज किया गया, जिसमें से 3,400 क्यूसेक पानी मुख्य नहर में देने के बाद 1,78,200 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम में छोड़ा गया।

दोपहर दो बजे तक स्थिति और गंभीर हुई जब बराहक्षेत्र में जलस्त्राव 1,52,000 क्यूसेक तथा कोसी बराज पर 1,90,390 क्यूसेक (दोनों बढ़ते क्रम में) रिकॉर्ड किया गया। इस समय 3,400 क्यूसेक पानी पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में छोड़ने के बाद 1,86,990 क्यूसेक पानी बराज के डाउनस्ट्रीम की ओर प्रवाहित किया गया। जलस्त्राव में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी को देखते हुए कोसी तटबंधों एवं बराज के सभी महत्वपूर्ण अवयवों की सुरक्षा को लेकर जल संसाधन विभाग के अभियंताओं ने चौबीसों घंटे की निगरानी बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि दोनों तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और पूरे इलाके में स्थिति पर सतर्कता से नजर रखी जा रही है।


Previous Post Next Post