पटना: मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के तहत शनिवार से शुरू हुई हेलीकॉप्टर जाय राइड ने यात्रियों को रोमांच और उत्साह से भर दिया। पहली उड़ान पूरी कर लौटे यात्रियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि करीब 1200 फीट की ऊंचाई से पटना को देखना एक ऐसा अनूठा अनुभव था, जिसे शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता।
पहली जाय राइड में पांच यात्रियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने 13 जुलाई को ही अपनी एडवांस टिकट बुक करा ली थी। पर्यटकों ने बताया कि हेलीकॉप्टर के आसमान में पहुंचते ही शहर का एक अलग ही खूबसूरत स्वरूप दिखाई दिया। ऊपर से गंगा नदी का विस्तृत किनारा, शहर की हरियाली, चौड़ी सड़कें, नए पुल और तेजी से विकसित हो रहा पटना सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। ऊंचाई से अपने शहर की प्रसिद्ध जगहों जैसे मरीन ड्राइव, अशोक राजपथ का डबल डेकर पुल, पटना जू, बिहार म्यूजियम और बेली रोड समेत कई प्रमुख स्थलों को देखकर सभी बेहद उत्साहित नजर आए।
यात्रियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर का धीरे-धीरे ऊंचाई लेना और फिर हवा में मोड़ लेना पूरे सफर का सबसे रोमांचक हिस्सा रहा। कुछ मिनटों की यह हवाई उड़ान उनके लिए हमेशा के लिए यादगार बन गई। जाय राइड के दौरान यात्रियों के लिए हल्के नाश्ते की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें कोल्ड ड्रिंक, काॅफी, कुकीज, चाॅकलेट और पेयजल शामिल था। यात्रियों का मानना है कि आसमान की सैर करते हुए इन सुविधाओं का आनंद लेना इस सफर के अनुभव को और भी ज्यादा खास बना देता है।
पटना समेत राज्य के चार प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए यह हेली टूरिज्म सेवा (Heli Tourism Service) शुरू की गई है। पटना जाय राइड के तहत मात्र 21 सौ रुपये में 10 मिनट तक पूरे पटना शहर का हवाई भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा पर्यटक पटना से राजगीर का सफर 4000 रुपये, पटना से वाल्मीकिनगर 5000 रुपये और पटना से कैमूर 6000 रुपये में तय कर सकेंगे। इस सेवा का आनंद लेने के लिए पर्यटकों को बिहार पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन टिकट बुकिंग (Online Ticket Booking) करनी होगी।
हेली सेवा के शुभारंभ के मौके पर बिहार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिलहाल पटना के लिए इस हवाई सेवा की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से पर्यटक और आम लोग अब हेलीकाप्टर से राजधानी के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का विहंगम हवाई नजारा देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही नालंदा और कैमूर के लिए भी नियमित हेली सेवा शुरू कर दी जाएगी। पर्यटन मंत्री ने जोर देकर कहा कि बिहार में धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बेहतर एयर कनेक्टिविटी देने की दिशा में यह सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है।
हवाई सफर का आनंद लेकर लौटे बेली रोड निवासी वर्षा ज्योति और छज्जूबाग की रिंकी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिन रास्तों से वे रोज गुजरते हैं, उन्हें आसमान से देखना बेहद अलग और मोहक एहसास था। ऊपर से गंगा जी का विहंगम दृश्य और पटना जू का नजारा देखकर मन आनंदित हो गया। वहीं शाहगंज के राहुल आनंद और औरंगाबाद के गुलाम मुर्तजा ने बताया कि पहली बार गांधी मैदान, गोलघर और अशोक राजपथ के डबल डेकर फ्लाइओवर का एरियल व्यू (Aerial View) देखना बेहद रोमांचकारी रहा। राजाबाजार के शंटू कुमार ने भी इस यात्रा को रोजमर्रा की भागदौड़ से बिल्कुल अलग एक जादुई दुनिया का एहसास बताया।