मुंबई में भारी बारिश के बीच मोनोरेल अचानक रुकी, सभी यात्री सुरक्षित



मुंबई: मुंबई में सोमवार को भारी बारिश के बीच एंटॉप हिल के पास मोनोरेल अचानक तकनीकी खराबी के कारण रास्ते में ही रुक गई। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मोनोरेल में सवार सभी 17 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी को भी चोट नहीं आई है।

फायर ऑफिसर वी.एन. सांगले ने पुष्टि की कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद मोनोरेल को कपलिंग (जोड़ने) के बाद हटाया जाएगा।

उधर, मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में देर रात से जारी भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर के कई इलाकों में भीषण जलभराव हो गया है। सोमवार सुबह किंग्स सर्कल इलाके की सड़कें नहर जैसी नजर आईं। जलभराव के चलते दफ्तरों के समय यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

भारी बारिश से रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ा है। मध्य रेलवे मार्ग पर कुर्ला स्टेशन और पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर बांद्रा स्टेशन के पास पटरियों पर पानी भर गया। इसकी वजह से लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

Previous Post Next Post