नंगल: पंजाब में आई भीषण बाढ़ के बाद अब हालात धीरे-धीरे सुधरने लगे हैं। राज्य सरकार की ओर से बड़े स्तर पर सफाई, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। इस बीच कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नंगल शहर में खुद मैदान में उतरकर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर प्रभावित परिवार तक पहुंचना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां-जहां बीमारी फैलने का खतरा है, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। मोहल्लों और गांवों में सफाई और छिड़काव से लोगों को बड़ी राहत मिली है। इस मौके पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
बैंस ने कहा कि सरकार की पहल सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुओं के लिए भी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों के किसान और पशुपालक इससे राहत महसूस कर रहे हैं। बाढ़ से पशुधन पर संकट गहराया था, लेकिन सरकार की इस पहल ने किसानों का आत्मविश्वास बढ़ाया है।
खास बात यह रही कि मंत्री और विधायक खुद राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। हरजोत सिंह बैंस की अगुवाई में नंगल की गलियों में हुआ सैनिटाइजर का छिड़काव इस बात का सबूत है कि यह सरकार केवल कागज़ों पर नहीं, बल्कि जमीन पर भी सक्रिय है। इससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है और लोगों ने इसे अपनी सरकार बताया।