सोनीपत: माता वैष्णो देवी और जम्मू की ओर रुख करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। उत्तर रेलवे ने परिचालकीय कारणों और ट्रैक सुधार कार्यों के चलते जम्मू-कटरा मार्ग पर चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के निरस्तीकरण (Train Cancellation) की अवधि को 31 मार्च के बाद भी आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। नए अपडेट के अनुसार, लगभग 38 लंबी दूरी की ट्रेनें अब मई और जून 2026 के पहले सप्ताह तक प्रभावित रहेंगी, जिससे गर्मी की छुट्टियों में यात्रा का प्लान बनाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे द्वारा जारी नई समय सारणी के अनुसार, दिल्ली सराय रोहिल्ला-जम्मू दुरंतो (12265/66) अब 1 जून तक रद्द रहेगी। इसी तरह जम्मू-काठगोदाम गरीब रथ 2 जून तक पटरियों पर नहीं उतरेगी। अमृतसर-कटड़ा वंदे भारत, कालका-कटड़ा एक्सप्रेस और दिल्ली सराय रोहिल्ला-ऊधमपुर एसी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख गाड़ियाँ भी 31 मई तक निरस्त कर दी गई हैं। इसके अतिरिक्त, दुर्ग-उधमपुर और अहमदाबाद-जम्मू एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनों को जालंधर, फिरोजपुर या अंबाला स्टेशनों पर ही 'शॉर्ट टर्मिनेट' किया जाएगा, जिससे कटरा तक पहुँचने के लिए श्रद्धालुओं को निजी वाहनों या बसों पर निर्भर रहना होगा।
हालांकि, इस बीच नई दिल्ली-कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22439/40) के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है, क्योंकि यह ट्रेन 2 अप्रैल 2026 से अपनी पुरानी समय सारणी के अनुसार बहाल हो जाएगी। साथ ही, जोधपुर-जम्मू एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित रूट पर जम्मू तक का सफर दोबारा शुरू करेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्टेशन निकलने से पहले National Train Enquiry System (NTES) या आधिकारिक रेलवे वेबसाइट के माध्यम से अपनी गाड़ी की वर्तमान स्थिति की जांच अवश्य कर लें।