नई दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिवार्तित 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से नई दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह के दौरान सीएम योगी ने नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके कुशल नेतृत्व में संगठन की मजबूती की कामना की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी पोस्ट के माध्यम से विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नितिन नबीन के संगठनात्मक अनुभव से पार्टी न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करेगी, बल्कि अंत्योदय के पथ पर चलते हुए सफलता के नए कीर्तिमान भी स्थापित करेगी।
45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, जिन्होंने निर्विरोध चुने जाने के बाद मंगलवार को जेपी नड्डा से कमान संभाली। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज नेताओं की उपस्थिति ने इस अवसर को ऐतिहासिक बना दिया। योगी आदित्यनाथ ने नबीन की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व 'राष्ट्र प्रथम' के भाव को कार्यकर्ताओं में और अधिक गहराई से रोपित करेगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से यह आशा भी व्यक्त की कि आगामी समय में उत्तर प्रदेश के सांगठनिक कार्यों में भी नबीन का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होता रहेगा।
नितिन नबीन, जो मूल रूप से बिहार से आते हैं और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में चुनावी रणनीति के कुशल शिल्पी माने जाते हैं, अब विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के 'बॉस' की भूमिका में होंगे। सीएम योगी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता का इस शीर्ष पद तक पहुंचना भाजपा की लोकतांत्रिक कार्यसंस्कृति का परिचायक है। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी नबीन को बधाई देते हुए उन्हें अपना 'बॉस' बताया और पार्टी के अनुशासन व कार्यकर्ता-प्रधान स्वरूप को रेखांकित किया। नबीन का चयन पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव और भविष्य की चुनावी चुनौतियों के लिए युवा जोश को प्राथमिकता देने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।